मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/करौली/राजस्थान।
करौली। जिले के 29 वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर के निर्देशन में पंचायत समिति सभागार करौली में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में करौली जिले के प्रबुद्ध नागरिकगण, शिक्षाविद, उद्योगपति, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, कृषक वर्ग एवं राजकीय अधिकारीगण एवं कार्मिकों के साथ बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। संगोष्ठी में आगंतुक वक्ताओं द्वारा करौली जिले की स्थापना के बाद से अर्जित विभिन्न उपलब्धियों के संबंध में चर्चा की गई तथा साथ ही जिले की विभिन्न समस्याओं ,विकास में बाधाओं एवं विकास की विपुल संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने शिक्षा, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं, पर्यटन, कृषि और उद्योग सहित विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव दिए। इस दौरान वक्ता भूपेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि जिले के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने औषधीय गुणों वाली फसलों को बढ़ावा देने की मांग रखते हुए कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस दौरान वक्ता वेणु गोपाल शर्मा ने करौली को रेल नेटवर्क से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में जिले के सैंडस्टोन उद्योग, कृषि, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों तथा प्राकृतिक पर्यटन की संभावनाओं को विकास और रोजगार के अवसरों में बदलने पर भी विशेष जोर दिया गया।
संगोष्ठी में आशीष कांत शर्मा चंद्रेश, गुप्ता, मदन मोहन स्वामी, राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रफीक अहमद, अमित शर्मा, व्याख्याता राम अवतार मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे

