मूकनायक न्यूज/सुमेरपुर/पाली/राजस्थान।
सुमेरपुर। “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनेरा में सीड बॉल निर्माण कार्यशाला का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रीन आर्मी मैन एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने विद्यार्थियों को देशी बीजों के संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि “बीजों का सम्मान ही प्रकृति का उत्थान है। आज जो बीज हम बचाकर जंगलों तक पहुँचाएंगे, वही कल हरे-भरे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को जीवन देंगे।”प्रधानाचार्य फिरोज खान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने ओमप्रकाश कुमावत की प्रेरणा से विद्यालय परिवार की ओर से 11 हजार सीड बॉल तैयार करने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रकृति संरक्षण का जन-आंदोलन खड़ा करेंगे।कार्यशाला में सेवानिवृत्त वनपाल पन्नालाल वेराजेतपुरा ने विद्यार्थियों को मिट्टी, गोबर की सड़ी हुई खाद एवं रेत के संतुलित मिश्रण से सीड बॉल बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने उत्साह के साथ सीड बॉल तैयार किए और संकल्प लिया कि प्रत्येक विद्यार्थी कम से कम 100 सीड बॉल बनाकर अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” अभियान को जन-जन तक पहुँचाकर देशी बीजों का संरक्षण करेंगे तथा अधिक से अधिक सीड बॉल बनाकर हरित एवं समृद्ध राजस्थान के निर्माण में अपना योगदान देंगे। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

