Tuesday, September 29, 2026
Homeहरियाणाजिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में एस.डी.वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों का...

जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में एस.डी.वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन पानीपत स्थित PIET स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में एस.डी.वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने कबड्डी, वॉलीबॉल एवं गोला फेंक सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में अंडर-19 कबड्डी वर्ग में कक्षा 11वीं के अनुज का जिला स्तर पर चयन हुआ। इसी वर्ग की कबड्डी टीम में कक्षा 9वीं के चंदन तथा कक्षा 11वीं के रोहित का भी चयन किया गया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर अपनी जगह बनाई।
वहीं, अंडर-19 वर्ग में कबड्डी एवं गोला फेंक प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की छात्राओं अंजू, वंदना और अर्चना का जिला स्तर पर चयन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान प्रमोद बंसल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान किया जाता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। इसलिए शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता के पीछे राजेंद्र जायसवाल, सोनू, संदीप मलिक, करण शास्त्री, गौरव सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments