हीटवेव से निपटने की तैयारियों से हुए रूबरू और क्षेत्र में एचपीवी वैक्सीनेशन शत प्रतिशत कराने के दिए निर्देश
अनुपस्थित कार्मिकों को थमाए नोटिस
मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/करौली/राजस्थान।
करौली 2 मई। चिकित्सा संस्थानों पर हीटवेव की तैयारियों और एचपीवी वैक्सीनेशन के लाभार्थी स्थिति रूबरू हेतु सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना ने सीएचसी परिता व सायपुर और पीएचसी गुनेसरा का औचक निरीक्षण किया, जहां सायपुर में अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों को कारण बताओं नोटिस जारी किए गए।
उन्होंने हीट वेव से निपटने के लिए वार्डों में वैड आरक्षित कर कूलर-एसी की व्यवस्था रखने की जानकारी जुटाई। उन्होंने क्षेत्र में एचपीवी वैक्सीनेशन की स्थिति से रूबरू होकर विद्यालयों में 14 – 15 वर्ष की बालिकाओं को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने हेतु संस्था प्रभारी को पाबंद किया। उन्होंने संस्थानों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता रखने, साफ सफाई व्यवस्था में सुधार करने, निर्धारित यूनिफॉर्म में निर्धारित समय तक ठहराव के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को पाबंद किया।उन्होंने कहा कि विद्यालयों में एचपीवी वैक्सीनेशन का महत्व समझाए, अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें एचपीवी वैक्सीनेशन से सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने के बारे में बताएं। जिससे एक ओर हमारा लक्ष्य पूरा होगा वही अधिकांश बालिकाएं भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बच पाएंगी, जो हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रभारी से कहा कि बालिकाओं के माता-पिता को बताएं कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में प्रभावी मानी जाती है और समय पर टीकाकरण भविष्य के जोखिम को कम कर सकता है।

