Thursday, June 11, 2026
Homeराजस्थानदौलतपुरा नव प्रवेशित नामांकन में एक शतक के करीब दौलतपुरा

दौलतपुरा नव प्रवेशित नामांकन में एक शतक के करीब दौलतपुरा

मूकनायक/राजस्थान/बूंदी
संगीता लाखेरी शहर रिपोर्टर

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दौलतपुरा में नवीन नामांकन अभियान के अंतर्गत शनिवार को 72 से अधिक नव प्रवेशित विद्यार्थियों का विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को माला पहनाकर, तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। नव प्रवेशी विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। विद्यालय परिसर में शिक्षा, संस्कार और नए सपनों का उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इसके पश्चात विद्यालय द्वारा डीजे एवं प्रेरक गीतों के साथ गांव में विशाल प्रवेशोत्सव रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी विद्यालयों से जोड़ना तथा अभिभावकों को सरकारी शिक्षा की गुणवत्ता एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा प्रेरक स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। “हर बच्चा स्कूल जाए”, “सरकारी स्कूल – उज्ज्वल भविष्य की पहचान” एवं “शिक्षा है सफलता की कुंजी” जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
रैली का ग्रामवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं जलपान करवाकर आत्मीय स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए सरकारी विद्यालयों में बढ़ते शैक्षणिक स्तर पर विश्वास व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों में विशेष उत्साह और अपनापन देखने को मिला।
प्रवेश अभियान प्रभारी अमर सिंह बैरवा एवं सह प्रभारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि विद्यालय परिवार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में अनुभवी शिक्षक, निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तकें, छात्रवृत्ति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को दिया जा रहा है। रैली के माध्यम से अभिभावकों तक यही संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया कि सरकारी विद्यालय आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
प्रधानाचार्य कृष्णा कुमारी गुप्ता की बाइट
विद्यालय की प्रधानाचार्य कृष्णा कुमारी गुप्ता ने कहा—
“विद्यालय परिवार का उद्देश्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं बेहतर भविष्य प्रदान करना है। आज सरकारी विद्यालय आधुनिक संसाधनों, अनुभवी शिक्षकों एवं छात्रहितकारी योजनाओं के माध्यम से समाज में नई पहचान बना रहे हैं। ग्रामीणों का सहयोग एवं विश्वास हमारे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।”
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल, सांस्कृतिक एवं नैतिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रवेश अभियान प्रभारी अमर सिंह बैरवा की बाइट
प्रवेश अभियान प्रभारी अमर सिंह बैरवा ने बताया—
“नई शिक्षा नीति एवं सरकारी विद्यालयों की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई। ग्रामीणों एवं अभिभावकों का जो प्रेम और सहयोग मिला, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। हमारा प्रयास रहेगा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।”
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण, अनुशासन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मजबूत आधार देने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ सदस्य पवन कुमार सालोदिया, महेश मीणा, दौलतराम मीणा, पप्पू लाल मीणा, गोपाल महावर, शीला मंगल, उमा शर्मा, यादवेन्दु शर्मा, बंशी लाल बैरवा, सुनील कुमार शर्मा, मोहित कुमार मीणा, कमरुद्दीन खान, रामस्वरूप मीणा, विधा मीणा, शिल्पा साहू, बबलू कुमार मीणा, सत्यप्रकाश बैरवा, फोरूलाल बैरवा, सुमित्रा मीणा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments