मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
पानीपत: 07 मई भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के वरिष्ठ एवं समर्पित निष्ठावान ईमानदार क्रान्तिकारी नेता कामरेड विजय कुमार सपरा का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका निधन गुड़गांव में हुआ, जबकि उनका स्थायी निवास पानीपत में है।
इस दुखद घटना पर समस्त जिला कौंसिल व सीपीआई जिला सचिव पवन कुमार सैनी एडवोकेट ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि कामरेड विजय कुमार सपरा विद्यार्थी काल से ही छात्र आंदोलनों में सक्रिय रहे और इसी दौरान वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े। पार्टी के लिए सत्य निष्ठा व ईमानदारी से संघर्ष करते हुए वे कई बार जेल भी गए, लेकिन कभी भी प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी प्रतिबद्धता से विचलित नहीं हुए।
वे स्वतंत्रता सेनानी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं कॉमरेड टीका राम सुखन, मक्खन सिंह, रघुबीर सिंह चौधरी ,डाक्टर हरनाम सिंह सहित अन्य नेताओं के साथ सक्रिय रूप से कार्य करते रहे और पार्टी को मजबूत बनाने में अपना योगदान देते रहे।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कौंसिल ने अपने इस महान नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की है। पार्टी ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
कॉमरेड विजय कुमार सपरा अपनी पत्नी पूनम, तीन पुत्रियों श्वेता, रविका एवं रजनी तथा पुत्र वंश सपरा को अपने पीछे छोड़ गए हैं।
सीपीआई जिला कौंसिल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि कामरेड सपरा का योगदान पार्टी और जन आंदोलनों में हमेशा याद रखा जाएगा।

