मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
कैलादेवी करौली, 6 अप्रैल। संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 8 अप्रैल को टोडाभीम के नांगल शेरपुर में प्रस्तावित दौरे को लेकर सोमवार को आयोजन स्थल का दौरा कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड और जनसभा स्थल पर सभी आवश्यक इंतजाम समय सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध किए जाएं ताकि आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने आयोजन स्थल पर बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था और पार्किंग स्थलों का गहनता से निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जावेगा। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिड़वाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़ी तैयारियों की प्रगति से संभागीय आयुक्त को अवगत कराया।

