Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedकटंगी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती का भव्य चार दिवसीय समारोह, सामाजिक...

कटंगी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती का भव्य चार दिवसीय समारोह, सामाजिक चेतना और बौद्ध धम्म का होगा संगम

कटंगी (बालाघाट)। नगर में 11 से 14 अप्रैल 2026 तक प्रज्ञा दीप बुद्ध विहार में आयोजित होने जा रहा चार दिवसीय जयंती समारोह सामाजिक, धार्मिक और वैचारिक चेतना का भव्य संगम साबित होगा। यह आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, समानता और शिक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर प्रज्ञा दीप बुद्ध विहार का तृतीय वर्धापन दिवस एवं थाईलैंड से प्राप्त सम्यक संबुद्ध की प्रतिमा स्थापना की तृतीय वर्षगांठ भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी।

कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के साथ फुले-अंबेडकर विचारधारा पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें सामान्य ज्ञान परीक्षा, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता प्रमुख हैं। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने हेतु प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर क्रमशः ₹3000, ₹2000 एवं ₹1000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

समारोह की अध्यक्षता एडवोकेट डॉ. संजय खोब्रागढ़े (जिलाध्यक्ष, बौद्ध संघ बालाघाट) करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बुद्धसेन पटेल उपस्थित रहेंगे। प्रमुख अतिथियों में पूज्य भदंत डॉ. चंद्रकीर्ति, शकुन बौद्ध (राष्ट्रीय चिंतक, गाजियाबाद) एवं देवेंद्र राजोरिया (ग्वालियर) शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में नितिन कुमरे (पूर्व न्यायाधीश, भोपाल) एवं कपिल मेश्राम (सभापति, नगर परिषद कटंगी) कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

चार दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
🔹 11 अप्रैल – दोपहर 12 बजे महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती कार्यक्रम
🔹 12 अप्रैल – दोपहर 12 बजे रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता
🔹 13 अप्रैल – रात्रि 8 बजे बुद्ध-अंबेडकर मिशनरी कवि सम्मेलन (संयोजन: सुनील डोंगरे “अंकुर”), रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव
🔹 14 अप्रैल – प्रातः 9 बजे माल्यार्पण, 11 बजे विहार वर्धापन दिवस, दोपहर 3 बजे भव्य रैली, शाम 7 बजे मंचीय कार्यक्रम, रात्रि 10 बजे अंतरराष्ट्रीय कव्वाल सूरज “आतिश” द्वारा प्रस्तुति

आयोजन समिति ने समस्त उपासकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सफेद वस्त्र धारण कर अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करें और इस आयोजन को सफल बनाएं।

यह समारोह केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, शिक्षा, समानता और जागरूकता का एक व्यापक अभियान है, जो कटंगी क्षेत्र में नई चेतना का संचार करेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments