मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
कैलादेवी करौली, 6 अप्रैल। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण कर राजकीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने राजस्व, न्याय, संस्थापन और लेखा अनुभाग सहित अन्य विभागों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ करना चाहिए ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारियों से उनके अनुभागों के कामकाज पेंडेंसी और लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइलों की पेंडेंसी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रकरणों का निस्तारण हो। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल सहित विभिन्न अनुभागों के प्रभारी उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर ने कार्यालय में बेहतर कार्य वातावरण और सुव्यवस्थित रिकॉर्ड संधारण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

