मूकनायक/पवन बंशीवाल
करौली/राजस्थान
टोडाभीम। करीरी गाजीपुर में आयोजित विशाल कुश्ती दंगल में राजस्थान सहित कई राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल में पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाते हुए एक-दूसरे पर शानदार दांव-पेंच आजमाए। कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और पूरा अखाड़ा दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया।
दंगल में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहलवान पहुंचे। अलग-अलग भार वर्गों में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। दंगल में कुल 265 कुश्तियां लड़ी गईं।
2 लाख 11 हजार की कुश्ती में चिराग विजेता
दंगल की अंतिम और सबसे बड़ी 2 लाख 11 हजार रुपये की कुश्ती हरियाणा के चिराग पहलवान और मंजीत पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक रोमांचक मुकाबला चला। आखिरकार चिराग पहलवान ने शानदार दांव लगाकर मंजीत पहलवान को हराते हुए कुश्ती अपने नाम कर ली।
यह प्रमुख कुश्ती डॉ. रामकेश मीणा की ओर से कराई गई। मुकाबले के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और जीत के बाद चिराग पहलवान का जोरदार स्वागत किया गया।
दंगल के दौरान भाजपा नेता जगमोहन मीणा, डॉ. रामकेश मीणा सहित जनप्रतिनिधि एवं पंच-पटेल मौजूद रहे।

