साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी
मूकनायक/ विष्णु शिंदे /पीपलरावा मध्य प्रदेश
पीपलरावां। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा ग्रामीणों को अपराधों से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जन चौपाल आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में थाना पीपलरावां के ग्राम पीरपाडल्या में थाना प्रभारी अनुराग भदौरिया के नेतृत्व में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें करीब 50 से 60 ग्रामीणों ने सहभागिता की।
जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी अनुराग भदौरिया एवं थाना स्टाफ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए विभिन्न सुरक्षा एवं जनजागरूकता विषयों पर जानकारी साझा की। ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहने की समझाइश दी गई। साथ ही OTP, बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान नशे के दुष्परिणामों को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। नशे से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से नशे से दूर रहने तथा युवाओं को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का नियमित उपयोग करने की समझाइश दी गई। इसके अलावा ग्रामीणों को राहगीर योजना के उद्देश्य एवं आमजन की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी अनुराग भदौरिया ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और स्वयं भी सतर्क एवं जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं। जन चौपाल के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
देवास पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की जन चौपाल के माध्यम से आमजन को साइबर अपराध, नशा, सड़क सुरक्षा एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।

