Tuesday, September 29, 2026
Homeमध्यप्रदेशबैगा अंचल में स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर कुमार सत्यम

बैगा अंचल में स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर कुमार सत्यम

मूकनायक /फ्रीलांसर आकाश घरडे
बालाघाट/ मध्य प्रदेश

घर-घर स्क्रीनिंग की हकीकत देखी, 4 बीमार बच्चों को बेहतर इलाज के लिए भेजा अस्पताल

बालाघाट। बैगा बाहुल्य गांवों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने 13 अगस्त को बिरसा विकासखंड के ग्राम घुम्मुर, कुंडेकसा, कोरका, बोंदारी, मछुरदा, धर्मशाला एवं गठिया का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर किए जा रहे स्वास्थ्य सर्वे एवं स्क्रीनिंग कार्य का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी व्यक्ति के बीमार होने पर तत्काल स्वास्थ्य कार्यकर्ता से जांच कराएं और आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में उपचार कराएं। उन्होंने स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा खान-पान में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

अस्थायी अस्पताल का किया निरीक्षण

ग्राम कुंडेकसा में बीमार लोगों के उपचार के लिए बनाए गए अस्थायी अस्पताल का कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि बीमारी का उचित उपचार चिकित्सकीय जांच और आवश्यक दवाओं से ही संभव है। समय पर उपचार नहीं कराने से मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है।

चार बच्चों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भेजा

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम घुम्मुर के दो तथा ग्राम गठिया के दो बच्चों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई। उन्होंने बच्चों के परिजनों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि अस्पताल में बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

छात्रावास में पानी की टंकी की सफाई के निर्देश

ग्राम मछुरदा में छात्रावास का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां रह रहे बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास की पानी की टंकी की सफाई कराने तथा नियमित अंतराल पर टंकी की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को हैंडपंपों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पानी का क्लोरीनेशन कराने के निर्देश दिए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण स्तर एवं स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

घर-घर स्क्रीनिंग, बीमारों को उपलब्ध कराया जा रहा उपचार

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका, गठिया, धर्मशाला एवं घुम्मुर में बच्चों में संक्रामक बीमारी की रोकथाम के लिए घर-घर स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग के दौरान बीमार पाए जाने वाले बच्चों एवं ग्रामीणों को उपचार के लिए कुंडेकसा स्थित अस्थायी अस्पताल लाया जा रहा है। स्वस्थ होने के बाद उन्हें वापस घर पहुंचाया जा रहा है, जबकि गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया जा रहा है।

अस्थायी अस्पताल में ग्राम पंचायत अडोरी के सरपंच परसराम धुर्वे एवं सचिव द्वारा मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।

अधिकारी रहे मौजूद

कलेक्टर के भ्रमण के दौरान बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उईके, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुन्द्रियाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, बिरसा बीएमओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments