मूकनायक समाचार । सूरत
भारतीय बौद्ध महासभा एवं विश्व शांतिदूत महाबोधि बुद्ध विहार, शांतिनगर (नीलगिरी) के तत्वावधान में आषाढ़ी पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार से वर्षावास धम्म प्रवचन मालिका-2026 का शुभारंभ श्रद्धापूर्वक किया गया। यह धम्म प्रवचन मालिका प्रतिदिन सायं 4 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी, जो अश्विनी पूर्णिमा, 25 सितंबर तक निरंतर चलेगी।
विश्व शांतिदूत महाबोधि बुद्ध विहार के संस्थापक अध्यक्ष, दर्दी सेवा समिति के अध्यक्ष तथा आर.पी.आई. (ए.) के गुजरात प्रदेश सचिव सुभाष पी. झाडे ने बताया कि वर्षावास धम्म प्रवचन मालिका का शुभारंभ पूज्य भदंत धम्मरक्षित महाथेरो के करकमलों से हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख मार्गदर्शक धम्म सेवक भास्कर वानखेडे प्रतिदिन धम्म प्रवचनों का वाचन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में उत्राण के पूर्व सरपंच एवं गुजरात लघुमति बोर्ड के पूर्व सदस्य काशीनाथ सिरसाठ, पूर्व पार्षद सुरेशभाई सोनवणे, दिलीप सिरसाठ, आशाबेन मंगले, भारतीय बौद्ध महासभा, गुजरात प्रदेश के उपाध्यक्ष शेषराव खरात तथा बौद्ध समाज के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सुभाष धुरंधर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में विश्व शांतिदूत महिला उपासिका-उपासक संघ, सूरत शहर के विभिन्न बुद्ध विहारों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों, बौद्धाचार्यों, श्रामनेर संघ तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा। अंत में आयोजन समिति के श्रीकृष्ण वानखेडे तथा अध्यक्ष सुभाष पी. झाडे ने सभी अतिथियों, उपासक-उपासिकाओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से वर्षावास धम्म प्रवचन मालिका में नियमित सहभागिता करने का आह्वान किया।

