Saturday, July 25, 2026
Homeराजस्थानघर का बीज, जंगल पहुँचाओ" महाअभियान के तहत गुजरात में सीड बॉल...

घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत गुजरात में सीड बॉल क्रांति की शुरुआत।

मूकनायक न्यूज/सिरोही/राजस्थान।

सिरोही। प्रकृति संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से एक व्यक्ति एक पौधा मिशन राजस्थान के संस्थापक, ग्रीन आर्मी मैन एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत नवा नरोड़ा, अहमदाबाद (गुजरात) पहुँचे। यहाँ “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं सीड बॉल निर्माण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को घरों में उपलब्ध फलों के बीजों को फेंकने के बजाय सीड बॉल बनाकर जंगलों तक पहुँचाने की सरल एवं प्रभावी विधि सिखाई गई।इस अवसर पर बड़ौदा (गुजरात) के जयंतीलाल महाराज ने अपने भक्तों के साथ सीड बॉल बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस जन-अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। वहीं सविता देवी एवं भरत कुमार बारेवडा दंपति ने 300 सीड बॉल तैयार कर उनके वितरण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश कुमावत ने बताया कि “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत अब तक 30,000 से अधिक सीड बॉल जंगलों में पहुँचाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य घरों में बेकार समझकर फेंके जाने वाले बीजों को सुरक्षित रूप से जंगलों तक पहुँचाकर उन्हें नए वृक्षों में बदलना है। उन्होंने कहा कि “आज बचाया गया एक बीज, कल एक विशाल वृक्ष बनकर धरती को हरियाली और जीवन का अमूल्य उपहार देगा।” पेड़-पौधे केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण, वर्षा, जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता तथा पशु-पक्षियों और वन्यजीवों के जीवन का आधार हैं। यदि प्रत्येक परिवार इस अभियान से जुड़े, तो आने वाले वर्षों में लाखों नए वृक्ष तैयार होकर पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ बना सकते हैं।इस अवसर पर नैनाराम कुमावत ने पशु-पक्षियों एवं वन्यजीवों के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि जैव विविधता की रक्षा के लिए वृक्षारोपण और बीज संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम में जयंतीलाल महाराज, नैनाराम कुमावत, भरत कुमार, छगनलाल, गोविंद बारेवडा, गोपाल मंडोरा, ईश्वर कुमार, केसीबाई, सविता देवी, विमला कुमारी, आदित्य कुमावत सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान को जन-जन तक पहुँचाने, अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर जंगलों तक पहुँचाने तथा हरित और समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments