मूकनायक समाचार । खेडा ।
गुजरात में आने वाले खेडा जिले के कपडवंज में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से दो गंभीररूप से घायल हो गए और 4 मजदूर घायल होने की जानकारी मिली है। घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के गांवों में धरतीकंप होने का अहसास हुआ। विस्फोट की आवाज 4 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। दूर-दूर तक धुएं के गुबार दिखाई दिए।
विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भयभीत होकर अपने घरों से बाहर भागे और घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय विधायक अधिकारी और अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। संदेह जताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री बिना अनुमति के चल रही थी।
प्रांतीय अधिकारी के मुताबिक घटना के समय कारखाने में 5 से 6 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें आगे के इलाज के लिए नाडियाद और अहमदाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कारखाना कितने समय से चल रहा था।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा पनप रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस कारखाने की जानकारी क्यों नहीं थी? कारखाने को बिजली कनेक्शन के लिए अलग से ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था। इसकी अनुमति किससे ली गई थी? ऐसे सवाल खडे हुए है।

