मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
करौली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र, करौली में स्वयंसेवकों को निरोग और ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से एक विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र के कमांडेंट राम गोपाल सागर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी संख्या में गृह रक्षा विभाग के स्वयंसेवकों और कार्मिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में स्वयंसेवकों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व को समझाया गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कमांडेंट राम गोपाल सागर ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस योगाभ्यास को निरंतर जारी रखते हुए नियमित रूप से अपने-अपने घरों पर भी योग करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलती है। अंत में सभी प्रतिभागियों को योग को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ दिलाई गई।

