मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की हरियाणा राज्य कौंसिल की महत्वपूर्ण बैठक 21 जून को करनाल स्थित पी.सी. जोशी भवन, एम.सी. कॉलोनी में आयोजित होगी। बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की राष्ट्रीय महासचिव कामरेड अमरजीत कौर देश और दुनिया के मौजूदा राजनीतिक एवं आर्थिक घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा करेंगी।
यह जानकारी सीपीआई की हरियाणा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य एवं जिला सचिव कामरेड पवन सैनी एडवोकेट ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप हरियाणा में पार्टी की गतिविधियों एवं संगठनात्मक कार्यों पर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
पवन सैनी ने कहा कि बैठक में सीपीआई द्वारा 6 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित देशव्यापी पदयात्रा कार्यक्रम तथा 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल रैली की सफलता के लिए विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी। पदयात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सीपीआई के उद्देश्य, संघर्ष, बलिदान और उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे तथा दिल्ली रैली में भागीदारी के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में हरियाणा राज्य कौंसिल के सदस्य भाग लेंगे और केंद्र तथा प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श करेंगे। बैठक में संगठन विस्तार और आगामी जनसंघर्षों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

