मूकनायक ब्यूरो चीफ रिडमल परमार
सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार एवं नई कार्यकारिणी को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
सांचौर – डॉ. अम्बेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक) जिला शाखा सांचौर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को उपखण्ड मुख्यालय सांचौर में जिला अध्यक्ष आसूलाल गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान, सामाजिक गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से द्वितीय जिला स्तरीय डॉ. अम्बेडकर शतरंज प्रतियोगिता मध्य जून 2026 तक ब्लॉक सरनाऊ में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
अजाक एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरचंदराम चौहान (सामराणी) ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन लंबे समय से सामाजिक जागरूकता, शिक्षा एवं प्रतिभा विकास को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। इसी क्रम में गत वर्ष आयोजित शतरंज प्रतियोगिता को मिली सफलता के बाद इस वर्ष भी प्रतियोगिता का आयोजन और अधिक व्यापक स्तर पर करने का निर्णय लिया गया है। प्रतियोगिता में जिलेभर से अनुसूचित जाति वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे तथा युवाओं में बौद्धिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।
बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों के गठन एवं तैयारियों पर भी चर्चा की गई। साथ ही ब्लॉक सरनाऊ में शीघ्र ही एक विशेष बैठक आयोजित कर प्रतियोगिता की रूपरेखा तय करने के निर्देश दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं समाज के युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती हैं।
बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान को लेकर भी गंभीरता से चर्चा की गई। पुराने सदस्यों की सदस्यता नवीनीकरण करने तथा अधिक से अधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया। संगठन विस्तार के तहत विभिन्न पदों पर मनोनयन संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से मेघाराम वरिष्ठ अध्यापक सांकड़ को सरनाऊ ब्लॉक अध्यक्ष तथा नरेन्द्र कुमार परमार को सहकोषाध्यक्ष पद पर मनोनीत करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त संशोधित जिला कार्यकारिणी के तहत ज़वाराराम पंचाल वरिष्ठ अध्यापक के नाम का अनुमोदन कर प्रस्ताव प्रदेश मुख्यालय भेजने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। शिक्षा, संगठन और संघर्ष के सिद्धांतों को अपनाकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। संगठन के पदाधिकारियों ने सामाजिक एकजुटता बनाए रखने तथा युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर आसूलाल गोयल पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, श्रवण कुमार गैलाणा व्याख्याता, नेमीचंद खोरवाल पूर्व अध्यक्ष डॉ. अम्बेडकर सेवा समिति सांचौर, रायमल राणावत, नरेन्द्र कुमार परमार सहायक प्रशासनिक अधिकारी, प्रहलादराम सेवानिवृत्त अध्यापक कोड़का (रानीवाड़ा), हरचंदराम चौहान सामराणी, सांवलाराम मनोहर नरसाणा (बागोड़ा), ज़वाराराम पंचाल वरिष्ठ अध्यापक, रतनाराम परमार, प्रकाश एम. अध्यापक, हिम्मताराम जेपावत सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में आगामी बैठक ब्लॉक सरनाऊ में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

