मूकनायक/सरिता रानी
पानीनत
एस. डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल जी. टी. रोड़ पानीपत में एक भव्य एवं सुव्यवस्थित विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा शर्मा ने की। इस अवसर पर बैसाखी का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों में लोकगीत, समूह नृत्य तथा भाषण शामिल थे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों ने बैसाखी के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया प्रस्तुत किया। इस अवसर पर योगीराज श्री कृष्ण सदन की इंचार्ज महक ने विद्यार्थियों को बैसाखी के पर्व की ऐतिहासिक महत्व बताया तथा विद्यार्थियों ने भी अपनी सजीव प्रस्तुतियों एवं पारंपरिक परिधानों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा शर्मा ने जलियांवाला बाग हत्याकांड पर एक गंभीर एवं प्रेरणादायक भाषण दिया। उन्होंने इस ऐतिहासिक घटना के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति, त्याग और बलिदान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने महान इतिहास से सीख लेकर जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाना चाहिए और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष प्रमोद बंसल तथा मैनेजर फकीरचंद द्वारा सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया तथा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूनम, विनीत , वरुण, सीमा और राजेंद्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

