मूकनायक/राजस्थान संपादक राम लाल यादव
बांसवाड़ा/ राजस्थान
बांसवाड़ा गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माही भवन स्थित राणा पूंजा सभागार में आयोजित हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उड़के अपने एक दिवसीय बांसवाड़ा दौरे के दौरान कार्यक्रम में शामिल हुए।
संगोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. बालमुकुंद पांडे मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान और बलिदान को महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं को इतिहास से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उड़के ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित जनजातीय विश्वविद्यालय संग्रहालय का भी निरीक्षण किया और जनजातीय संस्कृति व इतिहास से जुड़ी प्रदर्शित सामग्री की जानकारी ली। कार्यक्रम की शुरुआत में कुलपति प्रो. केशव सिंह ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी व विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

