Thursday, June 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेश“सम्राट अशोक के विचार आज भी मानवता के मार्गदर्शक” — भिरिया ऋतुराज...

“सम्राट अशोक के विचार आज भी मानवता के मार्गदर्शक” — भिरिया ऋतुराज में जयंती पर विशाल जनसभा व धम्म चर्चा, जुटे सैकड़ों लोग

मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। न्याय पंचायत भिरिया ऋतुराज में सम्राट अशोक महान की जयंती के अवसर पर विशाल जनसभा एवं धम्म चर्चा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर सम्राट अशोक के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राम बुझारत मौर्या ने की, जबकि संचालन कुलदीप कुमार जीवन ने किया। दोनों ने कार्यक्रम को बड़ी सूझबूझ और व्यवस्थित तरीके से संचालित करते हुए इसे सफल बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो० अरविन्द कुमार मौर्य (रतनसेन डिग्री कॉलेज, बांसी, सिद्धार्थनगर) रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में आर. टी. अर्जक, चंद्रगुप्त मौर्य, राजेश कुमार मौर्य और राम कुबेर मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूज्य भंते संघप्रिय देवदाह जी की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने सम्राट अशोक महान के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया कि सम्राट अशोक मौर्य वंश के महान सम्राट थे, जिन्होंने अपने शासनकाल में भारतीय उपमहाद्वीप के विशाल भूभाग को एक सूत्र में पिरोया। कलिंग युद्ध के बाद उन्होंने हिंसा का मार्ग त्यागकर बौद्ध धम्म को अपनाया और पूरे विश्व को शांति, करुणा और मानवता का संदेश दिया।

वक्ताओं ने कहा कि सम्राट अशोक ने शासन को केवल सत्ता का माध्यम नहीं बल्कि जनकल्याण का साधन बनाया। उन्होंने अपने राज्य में सड़कों का निर्माण कराया, यात्रियों के लिए सराय बनवाईं, पेड़ लगवाए और पशु-पक्षियों तक के संरक्षण के लिए नियम बनाए। उनके धम्म लेख आज भी पत्थरों और स्तंभों पर अंकित होकर मानवता, समानता और नैतिक जीवन का संदेश देते हैं।

पूज्य भंते संघप्रिय देवदाह जी ने धम्म चर्चा के दौरान कहा कि भगवान बुद्ध के करुणा और अहिंसा के मार्ग को सम्राट अशोक ने पूरे समाज में फैलाया। आज के समय में भी उनके विचार समाज में भाईचारा, शांति और सद्भाव स्थापित करने के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सम्राट अशोक महान के आदर्शों पर चलने और समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments