
मूकनायक राजस्थान बूंदी
जिला ब्यूरो चीफ राकेश कुमार बैरवा
कोटा – भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को केंद्र में रखते हुए राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) द्वारा प्रदेश स्तरीय शैक्षिक महासम्मेलन का आयोजन 19 एवं 20 दिसंबर 2025 को कोटा में किया जाएगा। यह दो दिवसीय महासम्मेलन कंचन मोहन रिसॉर्ट, 120 फीट रोड, मानपुरा–देवली अरब रोड, बोरखेड़ा, कोटा में आयोजित होगा।महासम्मेलन का उद्घाटन प्रथम सत्र 19 दिसंबर को प्रातः 10 बजे होगा, जबकि समापन सत्र 20 दिसंबर 2025 को संपन्न होगा। कार्यक्रम में प्रदेश भर से शिक्षक प्रतिनिधि, संगठन के प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, शिक्षाविद् एवं सामाजिक चिंतक भाग लेंगे।महासम्मेलन में शिक्षकों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं एवं लंबित मांगों पर गंभीर मंथन किया जाएगा। प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना (OPS) को यथावत रखने, शिक्षक उन्नयन व नवाचार को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था लागू करने, पदोन्नति में नियमानुसार आरक्षण, सभी संवर्गों की डीपीसी समय पर कराने तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक एवं बीएलओ कार्यों से मुक्त रखने जैसे विषय शामिल हैं।इसके साथ ही स्थानांतरण नीति को पारदर्शी बनाने, रोस्टर रजिस्टर में सुधार कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने, विद्यालयी पाठ्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष को शामिल करने, छात्रवृत्तियों में वृद्धि एवं समय पर भुगतान तथा सभी संवर्गों में शीघ्र नियुक्तियां करने की मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष भत्ता, विद्यालयों में कंप्यूटर एवं प्रिंटर की बजट से व्यवस्था, पंचायत सहायकों की विद्यालयों में नियुक्ति कर गैर-शैक्षणिक कार्य सौंपने तथा शिक्षकों के लिए सरकारी आवास निर्माण जैसे मुद्दे भी महासम्मेलन में प्रमुखता से उठाए जाएंगे।इसके अतिरिक्त वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा RPSC वर्ष 2006 से 2008 में नियुक्त शिक्षकों एवं प्रबोधकों का मूल वेतन 11170 से बढ़ाकर 12900 करने, आधार तिथि 1 जुलाई 2013 के स्थान पर 1 जुलाई 2011 करने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपने की रणनीति भी तय की जाएगी।लाखेरी में बैठक आयोजित कर महासम्मेलन के आमंत्रण वितरितप्रदेश स्तरीय महासम्मेलन की तैयारी एवं आमंत्रण वितरण को लेकर अंबेडकर पार्क, लाखेरी में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) शाखा लाखेरी के ब्लॉक अध्यक्ष, महामंत्री श्री देवराज मीणा, सभाध्यक्ष श्री चंद्रमोहन वर्मा, पप्पूलाल मीणा सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में अंबेडकर कल्याण परिषद, लाखेरी के अध्यक्ष श्री रामशंकर बरोड़िया, एडवोकेट विनोद कुमार, राजेंद्र कुमार, कमलेश वर्मा एवं पृथ्वीलाल मीणा ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) के जिला उपाध्यक्ष, ब्लॉक महामंत्री श्री अजय कुमार बैरवा, धनराज, मिंटू, सुरेश, नंदकिशोर, रामस्वरूप वर्मा, बाबूलाल मेहरा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।बैठक में महासम्मेलन को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने, आमंत्रण पत्र वितरित करने तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) के जिला सभाध्यक्ष श्री अमर सिंह बैरवा (जिला बूंदी) ने बताया कि यह महासम्मेलन शिक्षकों के अधिकार, सम्मान एवं सामाजिक न्याय की दिशा में एक निर्णायक पहल है। उन्होंने बूंदी जिले सहित प्रदेश के समस्त शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में कोटा पहुँचकर महासम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की।

