मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने / बालाघाट-रामपायली।
जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन तथा रामपायली थाना प्रभारी मोर्य के नेतृत्व में शनिवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान थाना पुलिस बल ने रामपायली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर दोपहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने की सलाह दी। पुलिस ने बताया कि हेलमेट पहनना न केवल कानूनी नियम है, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
थाना प्रभारी मोर्य ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगी चोटें अधिक गंभीर होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर बचाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं और अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
अभियान के दौरान वाहन चालकों से वैध लाइसेंस, बीमा एवं रजिस्ट्रेशन की जांच की गई। नाबालिगों को वाहन न चलाने की चेतावनी दी गई। महिला पुलिस कर्मियों ने स्कूटी चालकों को भी हेलमेट पहनने की समझाइश दी।
थाना पुलिस ने बताया कि यह अभियान दंडात्मक न होकर जन-जागरूकता पर केंद्रित है। नागरिकों को यातायात नियमों का महत्व समझाकर सुरक्षित परिवहन संस्कृति विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान में पुलिस बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान लगातार आयोजित किए जाने चाहिए ताकि लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े।
रामपायली थाना पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जाती हुई।

