फसल बर्बादी का मुआवजा, धान ₹3100 समर्थन मूल्य और 24 घंटे बिजली समेत 11 मांगों को लेकर जनपद पंचायत परिसर में जुटेंगे किसान
मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडाने -/ बालाघाट (मध्यप्रदेश)
खैरलांजी। क्षेत्र में लगातार बारिश और कीट प्रकोप से धान की फसल को हुए नुकसान सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान गर्जना संगठन ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के नेतृत्व में 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को जनपद पंचायत परिसर खैरलांजी में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। धरना सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा।
किसान गर्जना संगठन ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की है।
फसल नुकसान से लेकर धान के दाम तक उठेगी आवाज
संगठन की ओर से जारी अपील में बताया गया है कि खैरलांजी क्षेत्र में लगातार बारिश एवं कीट व्याधि के कारण धान की फसल प्रभावित हुई है। किसानों ने क्षेत्र को आपदा प्रभावित घोषित कर फसल नुकसान का मुआवजा एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने तथा किसानों को ₹25 हजार बोनस देने की मांग रखी है।
इसके साथ ही किसानों की धान की उपज ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
बिजली कटौती रोकने और 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग
किसान गर्जना संगठन ने कृषि पंपों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि कृषि उत्पादन की लागत को ध्यान में रखते हुए किसानों की धान की उपज ₹3100 प्रति क्विंटल के सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदी जानी चाहिए।
कीट प्रकोप से बर्बाद फसल का सर्वे और तत्काल मुआवजा
धरने में धान की फसल में कीट-माहू सहित अन्य रोगों से हो रहे नुकसान का सर्वे कराकर अतिरिक्त मुआवजा दिए जाने की मांग रखी जाएगी। संगठन ने सभी किसानों को सम्पूर्ण फसल बीमा बिना किसी शर्त के उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
जुआ-सट्टा, शराब और गौतस्करी पर कार्रवाई की मांग
किसान गर्जना संगठन ने क्षेत्र में जुआ-सट्टा, शराब, गौतस्करी तथा किसानों के खेतों से पंप एवं केबल चोरी जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नकली खाद, बीज एवं दवाइयों के खिलाफ कार्रवाई कर इन पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी शामिल है।
तीन गांवों में आधार कार्ड सेंटर खोलने की मांग
खैरलांजी क्षेत्र में आधार कार्ड से जुड़ी सुविधाओं के लिए खैरलांजी मुख्यालय, आरंभा और मिरगपुर में आधार कार्ड सेंटर खोले जाने की मांग भी आंदोलन के दौरान उठाई जाएगी।
जंगली सूअरों के आतंक से किसान परेशान
संगठन ने क्षेत्र में बढ़ते जंगली सूअरों के आतंक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। अपील के अनुसार धान, गन्ना, सूरन, गुढ़िया, चना और हल्दी सहित विभिन्न फसलों को जंगली सूअरों से नुकसान हो रहा है। संगठन ने किसानों को जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था तथा किसानों को सूअर मारने का अधिकार दिए जाने की मांग रखी है।
इसके अलावा क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत की मांग भी धरना प्रदर्शन में शामिल रहेगी।
किसान गर्जना संगठन ने किया अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान
किसान गर्जना संगठन, ब्लॉक खैरलांजी तथा ग्रामीण किसान गर्जना संगठन ब्लॉक खैरलांजी की ओर से किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में जनपद पंचायत परिसर खैरलांजी पहुंचकर धरना प्रदर्शन में शामिल हों और किसानों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को मजबूती से उठाएं।
स्थान: जनपद पंचायत परिसर, खैरलांजी
दिनांक: 25 सितंबर 2026, शुक्रवार
समय: सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक
आयोजक: किसान गर्जना संगठन, ब्लॉक खैरलांजी, जिला बालाघाट एवं ग्रामीण किसान गर्जना संगठन, ब्लॉक खैरलांजी

