जिला स्तरीय शिविर में सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और निर्माण कार्यों की होगी जमीनी पड़ताल
मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने / बालाघाट
बालाघाट। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत 18 सितंबर को सांदीपनी विद्यालय, वारासिवनी में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित होगा। कलेक्टर कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में होने वाले इस शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।
शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद, शिकायतों का त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं की जमीनी समीक्षा करना है।
लंबित शिकायतों का होगा निराकरण
शिविर से पहले अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। 18 सितंबर को नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास होगा।
नामांतरण से आयुष्मान कार्ड तक की पड़ताल
शिविर में नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य-शिक्षा, खाद-बीज और पीडीएस से जुड़े मामलों की समीक्षा होगी।
विकास कार्यों का होगा निरीक्षण
अधिकारी सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, बांधों, जल जीवन मिशन की संरचनाओं और शासकीय भवनों का मौके पर निरीक्षण करेंगे। स्वास्थ्य केंद्र, आईटीआई, सहकारी समिति, कृषि मंडी, थाने, लोक सेवा केंद्र और शासकीय देवस्थानों में सुविधाओं की भी जांच होगी।
खाद-बीज दुकानों, गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, पटाखा-विस्फोटक लाइसेंस और निजी स्कूलों की व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इसका लाभ लें।

