मूकनायक / धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
जले ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए मांगी थी 9 हजार रुपये की रिश्वत, सत्यापन के बाद ACB ने की कार्रवाई
हिण्डौन सिटी, करौली। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को हिण्डौन सिटी में ट्रैप कार्रवाई करते हुए जयपुर डिस्कॉम के टेक्नीशियन प्रथम एवं सहायक स्टोरकीपर जगदीश बैरवा को 8 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ACB के अनुसार, एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसका विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया था। नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के बदले आरोपी द्वारा 9 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की गई थी।
शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ACB टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण में ACB करौली के पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। परिवादी को एईएन कार्यालय परिसर में बुलाया गया, जहां आरोपी को 8 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।
ACB के मुताबिक, रिश्वत की रकम आरोपी की पैंट की सामने वाली दाहिनी जेब से बरामद की गई। कार्रवाई के बाद टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
ACB अधिकारियों के अनुसार मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन
ACB ने आमजन से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों की जानकारी देने की अपील की है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

