भाजपा की विजय कुमारी शर्मा आज भरेंगी नामांकन, निर्दलीयों के रुख पर टिकी निगाहें
मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिण्डौन सिटी-करौली
हिण्डौन सिटी। नगर परिषद हिण्डौन सिटी के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम के बाद अब शहर की सियासत का सबसे बड़ा केंद्र सभापति पद बन गया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच सभापति पद को लेकर मुकाबले की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है, लेकिन भाजपा ने अपने पत्ते खोलते हुए विजय कुमारी शर्मा को सभापति पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
आज होगा विजय कुमारी शर्मा का नामांकन
भाजपा की वार्ड नंबर 60 से नवनिर्वाचित पार्षद विजय कुमारी शर्मा आज सुबह 11 बजे सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में समर्थकों के नामांकन स्थल पर पहुंचने की संभावना है।
कांग्रेस में उम्मीदवार को लेकर असमंजस
सभापति पद के लिए भाजपा ने जहां अपना उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है, वहीं कांग्रेस की ओर से अभी तक प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। पार्टी के अंदर संभावित उम्मीदवार को लेकर चल रही खींचतान के चलते तस्वीर स्पष्ट नहीं हो पाई है।
निर्दलीयों के हाथ में सभापति चुनाव का गणित!
नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस को स्पष्ट स्थिति नहीं मिलने के बाद निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। यही कारण है कि सभापति पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
भाजपा की कोशिश अपने उम्मीदवार विजय कुमारी शर्मा के पक्ष में आवश्यक समर्थन जुटाने की है। दूसरी ओर कांग्रेस भी अपने संभावित उम्मीदवार और समर्थन के समीकरण को लेकर रणनीति बनाने में जुटी है।
निर्विरोध निर्वाचन की भी चर्चा
विजय कुमारी शर्मा के नामांकन से पहले शहर में सभापति पद के निर्विरोध निर्वाचन की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। हालांकि अंतिम स्थिति नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और मैदान में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही सामने आएगी।
अब सबकी नजरें आज होने वाले नामांकन, कांग्रेस के अगले कदम और निर्दलीय पार्षदों के रुख पर टिकी हैं। हिण्डौन की नगर राजनीति में सभापति की कुर्सी किसके हिस्से आएगी, इसका फैसला आने वाले घटनाक्रम से साफ होगा।

