एक महिला समेत 52 रक्तदाताओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
मूकनायक/पवन बंशीवाल
करौली/राजस्थान
हिण्डौन सिटी। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत बुधवार को जिला चिकित्सालय, हिण्डौन सिटी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
शिविर में कुल 54 लोगों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 52 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में एक महिला और 51 पुरुष शामिल रहे। करौली सामान्य चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम ने रक्त का संग्रह किया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र गुप्ता ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। दुर्घटना, प्रसव संबंधी जटिलताओं, कैंसर, थैलेसीमिया और हीमोफीलिया सहित विभिन्न परिस्थितियों में मरीजों को रक्त एवं रक्त अवयवों की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं किया जा सकता, इसकी उपलब्धता स्वैच्छिक रक्तदाताओं पर निर्भर करती है। ऐसे में स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले रक्तदाता की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाती है, जिससे रक्तदान की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
डॉ. गुप्ता ने आमजन से रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा अधिक से अधिक लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
शिविर में संस्था के उप नियंत्रक डॉ. ओपी मीणा, डॉ. अंकुश अग्रवाल, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. राजकुमार गुप्ता, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर उपेंद्र गुप्ता, लक्ष्मीकांत शर्मा, मुकेश मंड़ैया, ओमी लाल गौड़, नर्सिंग ऑफिसर सूर्य प्रकाश शर्मा, अमित शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अरुण शर्मा, लेखाकार थान सिंह, पुलकित गुप्ता, संजीव शर्मा, लिपिक वीरेंद्र, दिनेश, गोविंद, मंजीत, ओमप्रकाश सहित चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं ब्लड बैंक टीम का सहयोग रहा। शिविर के माध्यम से आमजन को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

