मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
*एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने पदक-चिह्न लगाकर किया सम्मानित, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना*
बस्ती। पुलिस विभाग में अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के लिए मुख्य आरक्षी कृष्णानंद पाण्डेय को गृह मंत्रालय, भारत सरकार के ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस कार्यालय में उन्हें पदक-चिह्न लगाकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरक्षी कृष्णानंद पाण्डेय को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में जिम्मेदारियों का ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करना महत्वपूर्ण है। ऐसे सम्मान पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
डॉ. यशवीर सिंह ने मुख्य आरक्षी पाण्डेय के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी लगन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों को निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। गृह मंत्रालय से मिले इस सम्मान को पुलिस विभाग में उनकी सेवाओं की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

