मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिण्डौन सिटी। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शादी का निमंत्रण कार्ड लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। कार्ड में बहुजन महापुरुषों की तस्वीरों के साथ उनके आदर्श वाक्य अंकित किए गए हैं और विवाह को सामाजिक कुरीतियों से दूर रखते हुए सादगी एवं विचारों के साथ संपन्न कराने का संदेश दिया गया है।
20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को धंधावली निवासी मानसिंह बौद्ध, अपने पुत्र शेर सिंह का विवाह बौद्ध रीति-रिवाज से कराने जा रहे हैं। विवाह समारोह में दहेज प्रथा, पाखंडवाद और फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूरी रखने का संदेश दिया गया है।
परिवार की ओर से आयोजित विवाह के सभी प्रमुख कार्यक्रमों की शुरुआत बुद्ध वंदना के साथ किए जाने की बात कही गई है। वहीं विवाह समारोह तथागत गौतम बुद्ध एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष बौद्ध रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
दहेज के बजाय विचारों को प्राथमिकता
इस विवाह का सबसे खास संदेश दहेज प्रथा का विरोध और अनावश्यक खर्च से बचना है। विवाह को सामाजिक दिखावे के बजाय सादगी, समानता और मानवीय मूल्यों के साथ आयोजित करने का प्रयास किया जा रहा है।

