मूकनायक/दुर्गेन्द्र सम्राट स्टेट सब एडिटर सिद्धार्थनगर/ उत्तर प्रदेश
कागजात और एनओसी नहीं मिले तो नियमानुसार होगी आगे की कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। खुनियाव के बढ़या स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित पूर्वा डायग्नोस्टिक सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर छापेमारी कर जांच-पड़ताल की। खुनियाव अधीक्षक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सेंटर पर संचालित जांच सुविधाओं और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी ली।
खुनियाव अधीक्षक के अनुसार शिकायत के आधार पर टीम मौके पर जांच करने पहुंची थी। जांच के दौरान शिकायत में बताए गए कुछ तथ्यों की मौके पर पुष्टि हुई। सेंटर पर अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच का संचालन पाया गया।
जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर संचालक से आवश्यक दस्तावेज, एनओसी तथा चिकित्सक की उपस्थिति से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। विभाग ने संबंधित दस्तावेज और एनओसी उपलब्ध कराने के लिए सेंटर को दो दिन का समय दिया है।
अधीक्षक ने बताया कि निर्धारित समय के भीतर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए अथवा जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य डायग्नोस्टिक सेंटरों में भी हलचल बढ़ गई है। अब निगाह इस बात पर है कि पूर्वा डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज और एनओसी प्रस्तुत किए जाते हैं या विभाग की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाती है।

