मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के दसिया में 12 सितंबर को हुई कथित मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने मनोज चौधरी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में FIR संख्या 0282 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत मुकदमा कायम किया गया है।
मनोज चौधरी की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्हें बातचीत के लिए बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और हॉकी से हमला कर दिया। शिकायत में उनके साथ मौजूद व्यक्ति के घायल होने, मोबाइल फोन और नकदी वाला बैग ले जाने तथा वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने घटना की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस से CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच के दायरे में लेने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 115(2), 117(2), 191(2), 303(2), 324(5), 351(3), 352 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब विवेचना के दौरान पुलिस घटना से जुड़े उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल दस्तावेजों की जांच करेगी।
मनोज चौधरी ने कहा कि उन्हें जांच में सच्चाई सामने आने की उम्मीद है और कानून के मुताबिक दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी साजिश के बजाय मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए।

