पाँचों संभागों में विस्तार की तैयारी, हर जिले तक पहुँचेगा महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन
////संभाग स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार, जिला कार्यकारिणी गठन और जनसंपर्क अभियान पर बनी रणनीति////
दुर्ग, छत्तीसगढ़
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन, बोधगया की छत्तीसगढ़ प्रदेश समिति की अध्यक्ष आयुष्मती सविता बौद्ध ‘संकल्पी’ की उपस्थिति में रविवार को डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर वाचनालय, उरला, दुर्ग में संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ के पाँचों संभागों में संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार और आंदोलन के उद्देश्यों को प्रत्येक जिले तक पहुँचाने के लिए विस्तृत कार्य-रोडमैप पर चर्चा की गई।
बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चाहांदे ने पाँचों संभागों में संगठन के विस्तार के लिए तैयार कार्य-योजना उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखी। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय रूप से जोड़ने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष सविता बौद्ध ‘संकल्पी’ ने बैठक में संगठनात्मक विस्तार, आपसी समन्वय और आंदोलन के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर पहुँचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उनके मार्गदर्शन में प्रत्येक जिले से संपर्क स्थापित कर स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सूची तैयार करने तथा विभिन्न जिलों में बैठकें आयोजित करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
////हर जिले तक संगठन पहुँचाने की तैयारी////
बैठक में निर्णय लिया गया कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में संगठन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर कार्यकारिणी सदस्यों का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय साथियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद और बैठकें आयोजित कर महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन के उद्देश्यों एवं विचारों से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
आंदोलन के प्रचार-प्रसार के लिए हैंडबिल तैयार करने, विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने तथा जिला स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर भी सहमति बनी। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संगठन का विस्तार केवल संरचनात्मक स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं और साथियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से जमीनी स्तर पर गतिविधियों को मजबूत किया जाए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले तक पहुँचाने और आगामी कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में सविता बौद्ध ‘संकल्पी’, सुनीता बौद्ध, मंगला गेडाम, शैलेन्द्र चाहांदे, जयश्री बौद्ध, डॉ. अरविंद चौधरी, विजय बोरकर, अनिल जोग, अशोक मेश्राम, राजेंद्र मेश्राम, बी. आर. कठाणे, सुधेश कुमार और काशी मेश्राम सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।
////बैठक का मुख्य उद्देश्य:-
संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करते हुए महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन की गतिविधियों को छत्तीसगढ़ के पाँचों संभागों से होते हुए प्रत्येक जिले तक व्यवस्थित रूप से पहुँचाना रहा।


