मूकनायक/दुर्गेन्द्र सम्राट स्टेट सब एडिटर गोण्डा/ उत्तर प्रदेश
गोंडा। जनपद के अनुसूचित छात्रावास में बिजली व्यवस्था चरमराने से छात्र भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। छात्रों के अनुसार, सुबह से छात्रावास की बिजली बाधित है और देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। भीषण गर्मी में बिजली न रहने से छात्र परेशान हैं।
छात्रों का आरोप है कि छात्रावास की एमसीबी जल गई है, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई। छात्रों का कहना है कि सुबह से समस्या की जानकारी होने के बावजूद बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कोई प्रभावी प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। शिकायत करने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इस संबंध में जब संवाददाता द्वारा छात्रावास के अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कर बिजली समस्या के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो आरोप है कि अधीक्षक ने महज दो-चार शब्दों में जवाब देने के बाद फोन काट दिया। इसके बाद मामले की जानकारी समाज कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी को फोन के माध्यम से दी गई।
समाज कल्याण विभाग की ओर से मामले को संज्ञान में लेते हुए बिजली व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त कराने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
छात्रों का कहना है कि छात्रावास में बिजली की समस्या पहले भी कई बार सामने आ चुकी है। उनके अनुसार, कई अवसरों पर सुबह से शाम तक और कभी-कभी पूरी रात तक बिजली नहीं रहती है। इससे पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित होती है। छात्रों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया जा रहा है।
छात्रों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि छात्रावास की बिजली व्यवस्था तत्काल बहाल कराई जाए, जली हुई एमसीबी को बदलवाया जाए और भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि समाज कल्याण विभाग की ओर से मिले आश्वासन के बाद छात्रावास की बिजली व्यवस्था कितनी जल्दी दुरुस्त होती है और छात्रों को इस समस्या से कब राहत मिलती है।

