मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिण्डौन सिटी। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी बाजरा की फसल तेज हवा और बारिश के कारण जमीन पर गिर गई। वहीं बारिश से खेतों की मिट्टी गीली होने के चलते किसानों को गिरी हुई फसल को समेटने और कटाई करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को हुई बारिश और तेज हवाओं का असर हिण्डौन सिटी के आसपास के कई गांवों में देखने को मिला। मनेमा का पुरा, खेड़लियान का पुरा, सिंघानिया का पुरा, सालिमपुरिया का पुरा, चमरपुरा, राजापुरा, भंगो, खरैटा, कोटवास, बाढ़-करसौली सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में बाजरा की फसल प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
किसानों के अनुसार, इस बार बाजरा की फसल अच्छी होने की उम्मीद थी, लेकिन कटाई से पहले ही मौसम ने मुश्किल खड़ी कर दी। खेतों में गिरी फसल पर लगातार नमी रहने से दाने खराब होने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ और धूप नहीं निकली तो किसानों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राजापुरिया निवासी किसान हरिचंद और मनेमा निवासी किसान राजाराम ने बताया कि इस बार फसल की स्थिति देखकर अच्छे उत्पादन की उम्मीद थी। लेकिन अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं से तैयार फसल खेतों में गिर गई। अब मौसम साफ होने का इंतजार है, ताकि जल्द से जल्द फसल को समेटकर नुकसान को कम किया जा सके।
अब देखना होगा की प्रशासन ख़राब हुई फसल का सर्वे करावाएगा या नहीं.

