शिक्षा की जमीनी हकीकत परखी, FLN पर विशेष फोकस और हर माह समीक्षा के दिए निर्देश
मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडाने -/ बालाघाट (मध्यप्रदेश)
बालाघाट, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत वारासिवनी में आयोजित जिला स्तरीय शिविर के दौरान कलेक्टर कुमार सत्यम ने ग्राम झालीवाड़ा पहुंचकर शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक स्कूल पहुंचने से विद्यालय की व्यवस्थाओं और बच्चों की पढ़ाई का जमीनी स्तर पर जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुमार सत्यम ने विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक समझ और शिक्षा के स्तर को परखा। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी सीखने की क्षमता को जानने का प्रयास किया।
FLN को लेकर शिक्षकों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों से एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी पढ़ने-लिखने और गणितीय समझ मजबूत होना आवश्यक है। इसके लिए शिक्षकों को बच्चों की सीखने की स्थिति पर निरंतर ध्यान देते हुए आवश्यक सुधारात्मक प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एफएलएन की प्रगति की हर माह समीक्षा करने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों के शिक्षा स्तर में होने वाले सुधार को नियमित रूप से परखा जा सके और आवश्यकता के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों में बदलाव किया जा सके।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा एवं एसडीएम श्री श्रीश प्यासि भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षा संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया।
कलेक्टर के इस निरीक्षण को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासन द्वारा सरकारी विद्यालयों की जमीनी स्थिति और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर सीधे नजर रखने की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।

