मूकनायक रमेश पोडिया/घरौंडा/करनाल/हरियाणा
घरौंडा। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए विजडम वेलफेयर सेवा समिति, मुनक की ओर से राजकीय महाविद्यालय, घरौंडा में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। समिति के सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुरेंद्र नागिया, उप-प्राचार्य गुरनाम मलिक, डॉ. देवेंद्र, सुश्री दीपिका, सुश्री गीता और सुश्री सुमन लता सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
अमन कुमार के लिए भावुक रहा अवसर
पौधारोपण अभियान समिति के सचिव अमन कुमार के लिए विशेष रूप से भावनात्मक रहा, क्योंकि उन्होंने इसी राजकीय महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। अमन कुमार ने कहा कि महाविद्यालय ने उन्हें शिक्षा के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी। आज उसी परिसर में पौधा लगाना उनके लिए सम्मान और संतोष का विषय है।
उन्होंने कहा कि “जिस महाविद्यालय ने समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा दी, उसी परिसर में हरियाली का पौधा लगाकर उस प्रेरणा को आगे बढ़ाना मेरे लिए गर्व की बात है।”
समिति सदस्यों ने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर जिम्मेदारी है। समिति ने शिक्षा, पर्यावरण और समाजसेवा से जुड़े जनहितकारी अभियानों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

