मूकनायक न्यूज/यशपाल सोलंकी/भरतपुर/राजस्थान
भरतपुर पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का सघन दौरा कर आमजन से सीधा संवाद साधा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं, सड़क, बिजली, पानी व विकास से जुड़े मुद्दों को सुना और स्थानीय नागरिकों के सुख-दुख में शरीक होकर अपनी संवेदनशीलता जताई।
विधायक डॉ. गर्ग ने नगला बरताई, नगला हींस, खैमरा कलां और नगला बरेला सहित आसपास के कई ग्रामीण अंचलों का दौरा किया। ग्रामीणों ने गांव से जुड़ी समस्याओं और लंबित जनसुविधाओं से उन्हें अवगत कराया।
डॉ. गर्ग ने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों को फोन पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता से और तय समय सीमा में निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दौरे के दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ग्रामीण प्रवास के उपरांत विधायक डॉ. गर्ग ने भरतपुर स्थित अपने रणजीत नगर कार्यालय में नियमित जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने शहर व देहात से आए कार्यकर्ताओं और नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र के विभिन्न समसामयिक व विकास के मुद्दों पर चर्चा की।

