मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडाने -/ बालाघाट (मध्यप्रदेश)
खैरलांजी। किसान गर्जना संगठन ब्लॉक खैरलांजी की महत्वपूर्ण बैठक 15 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे किसान गर्जना कार्यालय खैरलांजी में आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष धुरन नगपुरे, जिला अध्यक्ष रामकुमार नागपुरे तथा जिला उपाध्यक्ष भारत सिंह सिहोरे की प्रमुख उपस्थिति रहेगी।
बैठक को लेकर ब्लॉक संगठन ने ग्राम स्तर के अध्यक्षों, संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं किसान बंधुओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होने का आह्वान किया है। बैठक में किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन के साथ आगामी आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
नए ब्लॉक कार्यालय का होगा लोकार्पण
बैठक का प्रमुख विषय किसान गर्जना संगठन के ब्लॉक कार्यालय का शुभारंभ एवं लोकार्पण रहेगा। संगठन का कहना है कि ब्लॉक स्तर पर कार्यालय के माध्यम से किसानों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाने तथा गांव-गांव संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
भावांतर योजना और ₹3100 धान खरीदी पर होगी चर्चा
बैठक में भावांतर योजना को लेकर किसानों की स्थिति और संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही धान की खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर संगठन द्वारा आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इसके अलावा लगातार बढ़ते खाद के दाम और खेती की बढ़ती लागत को लेकर भी पदाधिकारी एवं किसान अपनी बात रखेंगे। संगठन का जोर किसानों पर बढ़ते आर्थिक दबाव को लेकर सरकार तक आवाज पहुंचाने पर रहेगा।
बिजली कटौती भी बनेगा बड़ा मुद्दा
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही बिजली कटौती पर भी चर्चा की जाएगी। कृषि कार्य के समय बिजली की उपलब्धता और किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर संगठन द्वारा ठोस रणनीति बनाने की बात कही गई है।
–ब्लॉक स्तरीय आंदोलन की बनेगी रणनीति–
किसान गर्जना संगठन के अनुसार बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद जरूरत पड़ने पर ब्लॉक स्तरीय आंदोलन करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि किसानों से जुड़े सवालों को केवल बैठक तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर संगठित आंदोलन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक किसानों की आवाज पहुंचाई जाएगी।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष अशोक लिल्हारे, ब्लॉक प्रभारी डेविड सेलोकर, ब्लॉक उपाध्यक्ष बंडुभाऊ गोपाले, ब्लॉक सचिव जितलाल बसिने, ब्लॉक कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेंद्र दमाहे, ब्लॉक उपाध्यक्ष अजब सिंह कृरपगये, गुड्डू भगत, ब्लॉक महासचिव राजेंद्र नगपुरे सहित समस्त ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
संगठन ने अधिक से अधिक किसान बंधुओं एवं ग्राम स्तरीय पदाधिकारियों से बैठक में पहुंचकर किसानों के हित से जुड़े मुद्दों पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

