मूकनायक/पवन बंसीवाल
सपोटरा/करौली / राजस्थान
बहुजन समाज पार्टी जिला करौली की ओर से आज सपोटरा नगर पालिका क्षेत्र में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक रूप से संगठनात्मक गतिविधियां की गईं। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में संगठन को मजबूत करने, वार्डवार रूपरेखा तैयार करने तथा स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक एवं जनसंपर्क के दौरान प्रत्येक वार्ड की स्थिति, संगठनात्मक जिम्मेदारियों, स्थानीय समस्याओं तथा आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा से जोड़ने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर आगामी 23 अगस्त को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले माननीय आकाश आनंद जी के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई। कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने, उन्हें कार्यक्रम की जानकारी देने तथा जयपुर पहुंचने की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक रूपरेखा पर विचार किया गया।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठन पूरी गंभीरता के साथ वार्ड स्तर पर तैयारी कर रहा है। प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत किया जाएगा और स्थानीय जनता के बीच बहुजन समाज पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। पार्टी ने आगामी दिनों में सपोटरा नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में संगठनात्मक संपर्क एवं जनसंवाद को और अधिक गति देने का निर्णय लिया।

