Friday, November 20, 2026
HomeUncategorizedमेहनत और लगन से शिफा परवीन ने ITI में हासिल किए 96.33...

मेहनत और लगन से शिफा परवीन ने ITI में हासिल किए 96.33 प्रतिशत अंक

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन, वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने मिठाई खिलाकर दी बधाई

बिलासपुर। सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महिला, कोनी-बिलासपुर में कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA) ट्रेड की छात्रा शिफा परवीन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर आईटीआई की वार्षिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। शिफा ने कुल 600 अंकों में से 578 अंक प्राप्त कर 96.33 प्रतिशत अंक हासिल किए और अपने परिवार एवं संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।

शिफा परवीन ने ट्रेड प्रैक्टिकल में 250 में से 240 अंक, एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स में 50 में से 46 अंक, ट्रेड थ्योरी में 100 में से 100 अंक तथा फॉर्मेटिव असेसमेंट में 200 में से 192 अंक प्राप्त किए। परीक्षा में कुल 578 अंक हासिल कर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शिफा के पिता अब्दुल मुस्तकीम और माता शमशाद बेगम ने बेटी की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शिफा ने कठिन परिस्थितियों के बीच भी पढ़ाई के प्रति पूरी लगन और मेहनत बनाए रखी। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के बावजूद शिफा ने हिम्मत नहीं हारी। सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण के साथ उन्होंने यह शानदार उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

शिफा परवीन की इस उल्लेखनीय सफलता पर वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिफा की मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद 96.33 प्रतिशत अंक हासिल करना उनकी लगन, आत्मविश्वास और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने शिफा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

शिफा परवीन की यह सफलता यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लगन के साथ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments