
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विशेष जांच में बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी खोवा भी नष्ट; खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित एनालॉग पनीर और एक्सपायरी खोवा बरामद होने पर संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए एक डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक के निर्देश पर जांच दल ने सतगुरु डेयरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां से 7 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया तथा शेष प्रतिबंधित पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर सतगुरु डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट) नोटिस जारी किया गया।
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी तथा कोड़ातराई एवं पटेलपाली स्थित सतीश एवं मनोज मशरूम डेयरी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान से 8 किलोग्राम एक्सपायरी खोवा बरामद हुआ, जिसे ओडिशा से लाया गया था। अधिकारियों ने उक्त खोवे को मौके पर ही नष्ट कराते हुए संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जिलेभर में विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहे।

