Friday, November 20, 2026
HomeUncategorized75 दिन से आंदोलन जारी, महिलाओं का अल्टीमेटम— "आश्वासन नहीं, शराब भट्टी...

75 दिन से आंदोलन जारी, महिलाओं का अल्टीमेटम— “आश्वासन नहीं, शराब भट्टी का स्थानांतरण चाहिए”

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोडानें -/ बुढ़ी, बालाघाट

बुढ़ी (बालाघाट)। बुढ़ी क्षेत्र में शराब भट्टी को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 75 दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं ने साफ शब्दों में प्रशासन को चेतावनी दी है कि अब उन्हें किसी प्रकार का आश्वासन नहीं, बल्कि शराब भट्टी के स्थानांतरण का आदेश चाहिए।

धरना स्थल पर मीडिया से चर्चा करते हुए आंदोलन का नेतृत्व कर रही महिलाओं ने कहा कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा हुई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिलाओं और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

महिलाओं का कहना है कि शराब भट्टी के कारण क्षेत्र का सामाजिक वातावरण लगातार खराब हो रहा है। शराब के नशे में आए दिन विवाद, गाली-गलौज और असामाजिक गतिविधियां होती हैं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे गांव की सुरक्षा और भविष्य के लिए लड़ी जा रही है।

आंदोलनकारी महिलाओं ने कहा कि यदि प्रशासन वास्तव में जनता के हित में काम करना चाहता है तो शराब दुकान को तत्काल आबादी क्षेत्र से हटाने की कार्रवाई करे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि “अब आश्वासन नहीं, स्थानांतरण चाहिए। जब तक शराब भट्टी नहीं हटेगी, हमारा आंदोलन समाप्त नहीं होगा।”

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिदिन मौजूद रहकर आंदोलन को मजबूती दे रही हैं। ग्रामीणों का भी आंदोलन को लगातार समर्थन मिल रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि 75 दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही शराब भट्टी का स्थानांतरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा जिला मुख्यालय तक प्रदर्शन कर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

बुढ़ी में महिलाओं का यह आंदोलन अब जनहित का बड़ा मुद्दा बन चुका है। पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि वह केवल आश्वासन देता है या फिर शराब भट्टी के स्थानांतरण का निर्णय लेकर आंदोलन का समाधान करता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments