Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedकोविड सेंटर में लाखों की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो...

कोविड सेंटर में लाखों की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट जिले की कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोविड सेंटर में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री में 28 बी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एयर कंडीशनर और एक एलईडी टीवी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार फरियादी विनोद कुमार कामड़े की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। 24 जून की रात अज्ञात चोरों ने गवर्नमेंट आईटीआई के पीछे स्थित कोविड सेंटर का ताला तोड़कर लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य का शासकीय सामान चोरी कर लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए समीर (25) और दामोदर प्रसाद पाठक (54) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 28 बी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर, हायर कंपनी का एयर कंडीशनर (इंडोर एवं आउटडोर यूनिट) तथा एक एलईडी टीवी बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया।

मामले का शीघ्र खुलासा करने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह भदौरिया, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक रमेश राऊत, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र माटे तथा आरक्षक प्रियांक श्रीवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी गए शासकीय सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी संभव हो सकी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments