Monday, July 27, 2026
HomeUncategorizedस्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 177वां जन-जागरूकता अभियान संपन्न, पौधारोपण, स्वच्छता और...

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 177वां जन-जागरूकता अभियान संपन्न, पौधारोपण, स्वच्छता और जल संरक्षण का दिया संदेश

दुर्ग, भिलाई, रिसाली, बालोद सहित विभिन्न स्थानों पर चला स्वच्छता, गाजर घास उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण अभियान

दुर्ग। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार चलाए जा रहे साप्ताहिक अभियान के अंतर्गत 177वां पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं गाजर घास उन्मूलन जागरूकता अभियान विभिन्न स्थानों पर संपन्न हुआ। अभियान का संचालन समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में किया गया।

अभियान के दौरान दुर्ग स्थित शिवनाथ नदी घाट मुक्ति धाम परिसर में उगी गाजर घास को जड़ सहित हटाकर नष्ट किया गया। घाट परिसर और आसपास फैले कचरे की सफाई कर उसे निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया गया। पूर्व में लगाए गए पौधों की निंदाई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल भी की गई। अभियान के दौरान नदी घाट पर मृत अवस्था में पड़ी एक गाय की सूचना नगर निगम प्रशासन को दी गई, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की गई।

भिलाई नगर के हुडको हैप्पी गार्डन में स्वयंसेवकों ने शराब की बोतलें, प्लास्टिक की पानी की बोतलें, पाउच, गुटखा के रैपर तथा अन्य कचरा एकत्रित कर गार्डन की सफाई की। समिति ने आम नागरिकों से अपील की कि मंदिर, उद्यान, नदी, तालाब तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

ग्रामीण क्षेत्रों में छायादार, फलदार एवं फूलदार पौधों का पौधारोपण किया गया। रिसाली सेक्टर स्थित दशहरा मैदान में योग लंगर समिति के सहयोग से संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा मैदान में फैले कचरे को हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया गया। इस अवसर पर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति की रिसाली प्रभारी तरुणा देशमुख ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पौधारोपण कर पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

तालपुरी में समिति के ग्रामीण प्रभारी कुंवर सिंह देशमुख ने स्थानीय नागरिकों के साथ पौधारोपण किया। वहीं शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम तथा ग्राम अंजोरा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान नदी और मंदिर परिसरों से प्लास्टिक, झिल्ली, पूजा सामग्री, गुटखा पाउच, डिस्पोजल, दोना-पत्तल, शराब की बोतलें और अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि नदी में बहाई जाने वाली पूजा सामग्री और प्लास्टिक कचरे से जल प्रदूषण बढ़ता है तथा दुर्गंध फैलती है, इसलिए लोगों को इसके प्रति जागरूक किया गया।

समिति के संस्थापक नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि पिछले लगभग पाँच वर्षों से संस्था लगातार शिवनाथ नदी सहित विभिन्न जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के लिए अभियान चला रही है। समाचार माध्यमों और जनसंपर्क के जरिए लोगों को नदी एवं तालाबों में कचरा नहीं फेंकने तथा निर्धारित स्थान पर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में नदी किनारे एकत्रित कचरे का समय पर उठाव नहीं होने से समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे नगर निगम प्रशासन के संज्ञान में लाने के बाद कचरे का उठाव कराया गया।

अभियान के दौरान लोगों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, पौधारोपण तथा गाजर घास उन्मूलन के प्रति जागरूक करने के लिए बैनर, स्लोगन और प्रेरक नारों का उपयोग किया गया। ‘जल है तो कल है’, ‘जल ही जीवन धारा है’, ‘जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ’, ‘पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियाँ बरसाओ’ तथा ‘नशे का होना आदी, घर-परिवार की है बर्बादी’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति प्रत्येक वर्ष गर्मी और वर्षा ऋतु में गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाती है तथा इसे जड़ से हटाकर नष्ट करने का कार्य करती है। इससे कई क्षेत्रों में गाजर घास की वृद्धि में कमी आई है। उन्होंने नगर निगम से शिवनाथ नदी मुक्ति धाम क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा उठाने तथा तालाबों में पूजा सामग्री विसर्जन के लिए पृथक कुंड निर्माण की भी मांग की।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, पौधारोपण और गाजर घास उन्मूलन जैसे विषयों पर समाज को जागरूक कर जनभागीदारी बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।

अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, सरोज टहनगुरिया, विमल टहनगुरिया, टीनल हरदेल, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, कार्तिक राम चंद्राकर, कुंवर सिंह देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, वामन कुमार यादव, दुर्योधन साहू, राजेश कुमार, विजय कुमार सिंह, तरुणा देशमुख, अशोक माहेश्वरी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments