Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedसांदीपनि विद्यालय वारासिवनी में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का गरिमामय समापन

सांदीपनि विद्यालय वारासिवनी में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का गरिमामय समापन

गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प के साथ विद्यार्थियों को किया प्रेरित

संवाददाता : सत्यशील गोंडाने

वारासिवनी/बालाघाट। लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 29 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर के शासकीय विद्यालयों में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन सांदीपनि विद्यालय, टिहलीबाई (वारासिवनी) में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण, नैतिक मूल्यों के संवर्धन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

विद्यालय के प्राचार्य हुमराज पटले ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का उद्देश्य भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा का संरक्षण, शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का संवर्धन तथा विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन ने सत्र 2026-27 के नव-निर्वाचित कक्षा नायकों एवं उप कक्षा नायकों को शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र अनुशासन, सतत अध्ययन और सीखने की जिज्ञासा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक सुनने, अधिक सीखने तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा के बल पर जिला, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि सहायक संचालक मोहित डेहरिया ने गुरु-शिष्य संबंधों की पवित्रता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, संस्कार और जीवन मूल्यों का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया। वहीं सेवानिवृत्त प्राचार्य सुरजलाल चौहान की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय की नव विकसित वेबसाइट का भी अवलोकन किया। वेबसाइट में विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की जानकारी, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा परिणाम, समाचार तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को शामिल किया गया है, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को विद्यालय संबंधी जानकारी सहजता से उपलब्ध हो सकेगी।

समापन समारोह में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जबकि कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने प्रेरक नाटक के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा का प्रभावशाली संदेश दिया। शिक्षिका वंदना शर्मा ने विद्यार्थियों को सामूहिक संकल्प की शपथ दिलाते हुए शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया।

विद्यालय परिवार द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन के प्रथम आगमन पर शॉल एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन कमल ऐठभरे एवं प्रवीण राणा ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि लखन रिनायत ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डेलेंद्र मेश्राम, किशोर गजभिये, प्रतिमा भगत, आकांक्षा आस्वले, अमित डोंगरे सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों एवं विद्यार्थियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के समापन समारोह ने विद्यालय में शिक्षा, संस्कार, भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति नई ऊर्जा, प्रेरणा और समर्पण का संचार किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments