Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedलोक परीक्षा संशोधन विधेयक-2026 युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में...

लोक परीक्षा संशोधन विधेयक-2026 युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम : प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

परीक्षा माफिया, प्रश्नपत्र लीक और संगठित अनियमितताओं पर लगेगा प्रभावी अंकुश, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली को मिलेगी मजबूती

बिलासपुर। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के जिला ग्रामीण प्रभारी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने लोकसभा में पारित लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के सुरक्षित भविष्य, ईमानदार प्रतिभा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह संशोधन परीक्षा प्रणाली को अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा, उनके परिश्रम का सम्मान तथा निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए लगातार ठोस निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं करोड़ों युवाओं की वर्षों की मेहनत, उम्मीदों और भविष्य का आधार होती हैं। ऐसे में प्रश्नपत्र लीक, नकल माफिया और संगठित परीक्षा अपराध जैसी घटनाएं न केवल योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय करती हैं, बल्कि पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने कहा कि संशोधन विधेयक के माध्यम से परीक्षा संबंधी अपराधों के विरुद्ध दंडात्मक प्रावधानों को और अधिक कठोर बनाया गया है। इससे परीक्षा माफिया, संगठित आपराधिक गिरोहों तथा परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई का मार्ग और मजबूत होगा। साथ ही परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों एवं सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही भी बढ़ेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनेगी।

भाजपा जिला ग्रामीण प्रभारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, रोजगार सृजन और डिजिटल पारदर्शिता जैसे अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में यह संशोधन युवाओं के विश्वास को मजबूत करेगा तथा योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए आवश्यक है कि उन्हें उनकी योग्यता और परिश्रम के अनुरूप निष्पक्ष अवसर प्राप्त हों। लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 इसी सोच को साकार करने वाला महत्वपूर्ण कदम है, जो ईमानदार प्रतिभा को संरक्षण देने और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक होगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments