मूकनायक/रावत गर्ग उण्डू/शिव/ बाड़मेर
बालोतरा जिले अंतर्गत बायतु उपखण्ड क्षेत्र के चवा गांव निवासी बीएसएफ कर्मी मंजू जांगिड़ का संयुक्त राष्ट्र संघ के शांति मिशन अभियान के तहत चयन हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बायतु विधानसभा ग्राम पंचायत चवा गांव निवासी मंजू जांगिड़ का चयन संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (UN Peacekeeping Mission) के तहत कांगो (Democratic Republic of the Congo) में तैनाती के लिए हुआ है। इस मिशन के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 160 सदस्यीय 19वें दल को आज रवाना किया गया।बेटी, बहू और माँ की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए महिलाएं आज राष्ट्र सेवा के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन जैसे अंतरराष्ट्रीय और अत्यंत चुनौतीपूर्ण दायित्व में शामिल होकर हर मोर्चे पर अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं।मंजू जांगिड़ जिले की पहली महिला कॉन्टेबल हैं जो संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में शामिल होकर वहाँ अपनी सेवाएं देंगी। मंजू की इस उपलब्धि से चवा गांव सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। उनका यह चयन महिला सशक्तिकरण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

