मूकनायक न्यूज/दिनेश राव/सिरोही/राजस्थान।
मांडवाड़ा/सिरोही। ग्रामीण अंचल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को SBI Foundation एवं Anchal Charitable Trust के संयुक्त तत्वावधान में रामदेव मंदिर के सामने स्थित सभा सामुदायिक भवन, मांडवाड़ा में निःशुल्क विशेष अस्थि एवं जोड़ रोग (ऑर्थोपेडिक) चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनुभवी ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों ने घुटनों, कमर, गर्दन, कंधों, जोड़ों के दर्द, गठिया एवं अन्य हड्डी संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। साथ ही जनरल फिजिशियन द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।शिविर में 210 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञों ने लोगों को समय पर जांच, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं आवश्यक उपचार जारी रखने की सलाह दी। ग्रामीणों ने गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए इसे जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताया।

