बिलासपुर। कराटे एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 28 एवं 29 जून को सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा में राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता एवं केएआई (KAI) ट्रायल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में बिलासपुर कराटे अकादमी के सात खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर आगामी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता, कोलकाता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

17 वर्ष आयु वर्ग में इच्छा नेताम ने कुमिते में स्वर्ण पदक तथा काता में कांस्य पदक जीता। प्रिया यादव ने कुमिते में रजत पदक और काता में कांस्य पदक हासिल किया। वैष्णवी कौशिक ने कुमिते में रजत पदक तथा काता में रजत पदक अपने नाम किया।

14 वर्ष आयु वर्ग में भारती कश्यप ने काता में कांस्य पदक, सुप्रिया श्रीवास ने कांस्य पदक तथा इशिका नेताम ने कुमिते और काता दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं सहज वीर सिंह ने कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर बिलासपुर जिले का गौरव बढ़ाया।

खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रशिक्षक ठाकुर कर्ण सिंह एवं शिवानी बुधौलिया ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का ही यह परिणाम है कि बिलासपुर के खिलाड़ी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।